इंदिरापुरम में 5 वर्षीय बच्ची का शव मिला, तनाव व्याप्त

गाजियाबाद, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। गाजियाबाद के इंदिरापुरम में पांच वर्षीय बच्ची का शव बरामद होने के बाद इलाके में तनाव व्याप्त हो गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि किसी दूसरे समुदाय के पुरुष ने बच्ची के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी।

इलाके के पुजारी की बेटी गुरुवार से लापता थी। पुलिस को शुक्रवार आधी रात के करीब एक निर्माणाधीन घर में उसका शव मिला।

किनौनी के निवासियों का आरोप है कि राजमिस्त्री के तौर पर काम करने वाले अफरोज नामक व्यक्ति ने बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी।

गुस्साए निवासियों ने इंदिरापुरम पुलिस थाने के सामने विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। उनकी शिकायत है कि लड़की गुरुवार से लापता थी, लेकिन पुलिस इस मामले में हाथ पर हाथ धरे बैठी रही।

हालांकि पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप की पुष्टि नहीं की है।

शहर के एसपी सलमान ताज पाटील ने कहा, “हमने मामला दर्ज कर लिया है और अपराधी को पकड़ने के लिए तलाशी जारी है। पोस्टमॉटर्म रपट आने के बाद ही दुष्कर्म की पुष्टि हो पाएगी।”

पाटील ने कहा, “लेकिन अपराध गंभीर है और हम यथासंभव जल्द से जल्द अपराधी को गिरफ्तार कर लेंगे।”

इलाके के निवासियों ने बताया कि पहले अफरोज पुजारी के घर में ही किराएदार के रूप में रहता था, लेकिन पुजारी के साथ झगड़ा होने के बाद उसे घर छोड़ कर जाना पड़ा।

लोगों का कहना है कि अफरोज ने बदले की भावना से इस अपराध को अंजाम दिया होगा।

घटना के बाद से इलाके में तनाव व्याप्त है और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रात को पाटील ने भी इलाके का दौरा किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493