कोलंबिया में भूस्खलन से मरने वालों की संख्या बढ़कर 254 हुई (लीड-1)

बोगोटा, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। कोलंबिया में भारी बारिश और बाढ़ की वजह से हुए भूस्खलनों से मरने वालो की संख्या बढ़कर 254 हो गई है।

देश में शुक्रवार रात को हुई मूसलाधार बारिश की वजह से पुटुमायो प्रांत के मोकोआ शहर के आसपास तीन नदियों में उफान आ गया, जिससे भूस्खलन हो गए।

समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, राष्ट्रपति सांतोस ने रविवार रात को मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई थी। सांतोस ने बताया कि मृतकों में 43 बच्चे हैं।

सीएनएन ने सांतोस के हवाले से बताया कि अपने मां-बाप से बिछड़े कई बच्चों को उनके मां-बाप से मिलवाया गया है, जबकि कुछ बच्चे अब भी आश्रयों में रह रहे हैं।

कोलंबिया सेना के मुताबिक, 400 लोग घायल हो गए हैं, जबकि 150 से अधिक लापता हैं।

क्षेत्र में आपातकाल की घोषणा कर दी गई है।

राष्ट्रपति के मुताबिक, प्रशासन ने लगभग 170 मृतकों की पहचान कर ली है।

सांतोस ने इससे पहले कहा था, “हम जलवायु परिवर्तन की वजह से प्रकृतिजन्य आपदा का सामना कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में मार्च में लगभग 500 मिलीमीटर बारिश हुई, जो महीने में सामान्य तौर पर होने वाली बारिश से लगभग 80 फीसदी से अधिक है।

स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, इस आपदा की वजह से मोकोआ में बिजली और पानी आपूर्ति बाधित हो गई है।

सोशल मीडिया पर जारी तस्वीरों में देखा जा सकता है कि कारे और बसें कीचड़ में फंसी हुई हैं।

कोलंबिया रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रवक्ता गैब्रिएल उमाना ने सीएनएन को बताया कि 300 परिवार विस्थापित हुए हैं और दो दर्जन से अधिक घर नष्ट हुए हैं।

उमाना ने बताया कि जब भूस्खलन हुआ तब लोग घरों में सो रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पानी का बहाव इतना तेज था कि लोगों को अपनी जान बचाने के लिए भागना पड़ा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493