नित्यानंद ने समिति नहीं, ‘गिरोह’ का गठन किया है : सुधीर शर्मा

पटना, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नई समिति को लेकर अब पार्टी में ही विरोध के स्वर मुखर होने लगे हैं। नई समिति में जगह नहीं मिलने से नाराज पार्टी के पूर्व प्रदेश महामंत्री सुधीर शर्मा ने बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय पर कई संगीन आरोप लगाते हुए कहा कि राय ने पार्टी की समिति नहीं ‘गिरोह’ का गठन किया है।

पटना में एक संवाददाता सम्मेलन में शर्मा ने राय पर आपराधिक सरगना की तरह काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी छवि ‘माफिया’ की रही है। उन्होंने कहा कि राय द्वारा प्रदेश समिति में ऐसे लोगों को स्थान दिया गया है, जो अन्य दलों के लिए काम करते हैं जबकि भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर दिया गया है।

भाजपा के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के करीबी माने जाने वाले शर्मा ने कहा, “राय के काम करने की शैली पूरी तरह से एक आपराधिक सरगना की तरह है। पार्टी को मनमाने तरीके से चलाया जा रहा है और किसी की बात नहीं सुनी जा रही है।”

उन्होंने कहा कि इस मामले से वे जल्द ही केंद्रीय नेतृत्व से अवगत कराएगा। केंद्रीय नेतृत्व द्वारा ऐसे लोगों को अध्यक्ष बनाए जाने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व को अंधेरे में रखकर ऐसे निर्णय करवाए गए हैं।

इधर, इन आरोपों पर प्रदेश अध्यक्ष राय ने कहा, “ऐसी नाराजगी की मुझे कोई सूचना नहीं है।”

उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि हजारों कार्यकर्ताओं में से प्रदेश समिति में दर्जनों को चुनना आसान काम नहीं है। ऐसे में लोगों से मिलकर नाराजगी दूर की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने 31 मार्च को प्रदेश पदाधिकारियों की नई टीम की घोषणा की थी। इस समिति में 249 नेताओं को जगह दी गई है। समिति में 11 प्रदेश उपाध्यक्ष तथा चार महामंत्री बनाए गए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493