गोवा : पूर्व कांग्रेस विधायक विश्वजीत गुरुवार को भाजपा में होंगे शामिल

पणजी, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस के पूर्व विधायक विश्वजीत राणे गुरुवार को गोवा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)में शामिल होंगे। राणे ने मार्च में कांग्रेस और विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था।

गोवा भाजपा अध्यक्ष विजय तेंदुलकर ने बुधवार को कहा कि वाल्पोई से पूर्व विधायक राणे कई दिनों से पार्टी नेतृत्व के संपर्क में हैं।

तेंदुलकर ने कहा, “उन्होंने भाजपा में शामिल होने की अपनी इच्छा जाहिर की। हमने उनसे संपर्क नहीं किया। वह हमारे पास आए।”

भाजपा सूत्रों ने कहा कि राणे जल्द ही मनोहर पर्रिकर की अगुवाई वाले मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं।

विश्वजीत राणे पूर्व मुख्यमंत्री व गोवा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रतापसिंह राणे के पुत्र हैं। विश्वजीत ने कांग्रेस के गोवा में सरकार बनाने का दावा करने में विफल रहने के बाद पार्टी और विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। कांग्रेस गोवा विधानसभा चुनावों में 40 सदस्यीय विधानसभा सीटों में से 17 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी थी लेकिन सरकार बनाने के लिए बहुमत जुटाने में विफल रही थी।

राणे ने कहा था कि कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह सहित, पार्टी हाईकमान और राज्य कांग्रेस नेतृत्व में आंतरिक कलह और विफलता के कारण वह निराश हैं।

राणे ने कहा, “कांग्रेस नेतृत्व ने हमें निराश किया है।”

राणे वाल्पोई से तीन बार विधायक रह चुके हैं। उनके पर्रिकर से नजदीकी संबंध हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493