जम्मू, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के रामबन जिले में भूस्खलनों की वजह से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग गुरुवार को लगातार दूसरे दिन भी बंद रहा।
यातायात विभाग के अधिकारियों ने बताया, “पिछले 24 घंटों से जारी मूसलाधार बारिश से रामबन सेक्टर के जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई भूस्खलन हुए।”
उन्होंने बताया, “यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गुरुवार को राजमार्ग पर किसी भी तरह के यातायात को मंजूरी नहीं दी गई है।”
उन्होंने कहा, “यात्रियों से जम्मू और श्रीनगर में हमारे नियंत्रण कक्षों से संपर्क कर राजमार्ग की ताजा स्थिति जानने की सलाह दी है।”
अधिकारियों ने कहा कि मौसम में सुधार आने के बाद ही मलबे को हटाने का काम शुरू किया जाएगा।
गौरतलब है कि रामबन सेक्टर में भूस्खलनों की वजह से बुधवार को राजमार्ग बंद कर दिया गया था।
प्रशासन वहां फंसे हुए वाहनों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने का प्रबंध कर रहा है।
बनिहाल सेक्टर में रात के समय बर्फबारी भी हुई।
गौरतलब है कि लगभग 285 किलोमीटर लंबा राजमार्ग कश्मीर घाटी में जरूरी सामानों की आपूर्ति के लिहाज से अहम है।
सभी जरूरी सामानों जैसे पेट्रोलियम उत्पाद, दवाइयां, सब्जियां, पॉल्ट्री उत्पाद और मटन इसी राजमार्ग से घाटी पहुंचते हैं।
dharmpath.com dharmpath