बिहार : दंपति का शव घर से बरामद, हत्या की आशंका

गया, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के गया जिले के परैया थाना क्षेत्र के एक मकान से पुलिस ने गुरुवार को एक दंपति का शव बरामद किया। आशंका व्यक्त की जा रही है कि दोनों की धारदार हथियार से हत्या की गई है। पुलिस जांच में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, परैया थाना क्षेत्र के ईश्वरपुर गांव निवासी बबलू पाठक (28) और उसकी पत्नी मंजु पाठक (25) का शव पुलिस ने उन्हीं के घर से बरामद किया।

टेकारी के पुलिस उपाधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पति और पत्नी के शव को अलग-अलग कमरों से बरामद किया है। शवों के आसपास काफी खून पसरा है। लगता है, जैसे हत्या करने से पहले जमकर मारपीट हुई हो।

उन्होंने बताया कि हत्या में प्रयुक्त हसुआ (एक प्रकार का धारदार हथियार) उसी घर से बरामद हुआ है, जो खून से सना है।

कुमार ने ग्रामीणों के हवाले से बताया कि बबलू ऑटो चलाता था। उसके पिता रांची में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ ) में कार्यरत हैं। उन्हें घटना की सूचना दे दी गई है। हत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में लगी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493