अमरावती, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेदेपा प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू ने गुरुवार को संसद में शिवसेना सदस्यों द्वारा नागरिक उड्डयन मंत्री अशोक गजपति राजू को घेरे जाने की घटना की निंदा की।
नायडू ने कहा, “कुछ सांसदों द्वारा उड्डयन मंत्री से उपद्रव भरा व्यवहार किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।”
तेलगू देशम पार्टी (तेदेपा) अध्यक्ष ने ट्वीट किया कि वह इस तरह के आचरण की कड़ी निंदा करते हैं।
अशोक गजपति राजू तेदेपा के नेता हैं। तेदेपा भाजपा की अगुवाई वाले राजग सरकार में सहयोगी है।
तेदेपा प्रमुख ने कहा कि सभी दलों के नेताओं को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि इस तरह की घटना भविष्य में फिर न हो।
शिवसेना सांसदों ने गुरुवार को रवींद्र गायकवाड़ पर उड़ान पर प्रतिबंध के खिलाफ राजू को घेर लिया और धमकी दी कि जब तक प्रतिबंध हटाया नहीं जाएगा, वे मुंबई से एयरलाइन को उड़ान भरने की इजाजत नहीं देंगे।
यह घटना लोकसभा में तब हुई, जब अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने शिवसेना के विरोध पर लोकसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी।
शिवसेना सांसदों ने जैसे ही राजू को घेरा, संसदीय कार्य राज्यमंत्री एस.एस. अहलूवालिया और केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह बीच-बचाव करने पहुंचे।
dharmpath.com dharmpath