सुजेन खान, गौरी शिंदे को युवा महिला सम्मान

नई दिल्ली, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। उद्यमी सुजेन खान और फिल्म निर्देशक गौरी शिंदे को शुक्रवार को अपने-अपने क्षेत्र में उपलब्धियों के लिए युवा फिक्की महिला संगठन (वाईएफएलओ) की ओर से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने युवा महिला सम्मान से सम्मानित किया। इस कार्यक्रम के दौरान दिग्गज फैशन डिजाइनर सब्यसाची मुखर्जी ने शानदार फैशन शो भी पेश किया।

सुजेन और शिंदे के अलावा मालविका पोद्दार (फैशन), सिमरन लाल (व्यापार), कल्ली पुरी (पत्रकारिता), शायना एनसी (राजनीति), दीपा मलिक (खेल), चिकी सरकार (साहित्य), प्रीति चंद्रा (सामुदायिक सेवा), भावना कक्कड़ (कला) और विधा लाल (कला प्रदर्शन) को इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

वार्षिक वाइएफएलओ पुरस्कार 2016-17 यहां ललित होटल में आयोजित हुआ।

इस मौके पर अभिनेता ऋतिक रोशन की पूर्व पत्नी सुजेन ने कहा, “मैं अपने माता-पिता की तीसरी संतान हूं और बड़े होने के दौरान मैं जानती थी कि मेरे माता-पिता ने बिना किसी भेदभाव के लड़के की तरह ही मेरी परवरिश की है। मुझमें और मेरे भाइयों के बीच कोई भेदभाव नहीं किया गया। इस एक सबक को मैंने कम उम्र में ही सीख लिया कि बच्चों के साथ समान रूप से व्यवहार करना चाहिए।”

सुजेन को यह सम्मान इंटीरियर डिजाइनर के रूप में उनके सफल करियर के लिए दिया गया।

फिल्म ‘इंग्लिश विंग्लिश’ की निर्देशक गौरी शिंदे कुछ निजी कारणों से कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाईं।

उन्होंने एक वीडियो के जरिए कहा, “मुझे इस पुरस्कार के लायक समझने के लिए मैं वाईएफएलओ का शुक्रिया अदा करती हूं। समाज को आगे बढ़ना है। मुझे लगता है कि महिलाओं को निश्चित रूप से इसका नेतृत्व करना है, हमारे पास ज्यादा विकल्प नहीं हैं। एकजुट होकर हम कुछ भी हासिल कर सकते हैं।”

शो मुख्य रूप से भारतीय वस्त्र उद्योग के प्रचार पर केंद्रित था। फैशन शो में अधिकांश 50 की उम्र की महिलाएं शामिल थीं, जिन्होंने साड़ी, लहंगा-चोली, सलवार-कमीज में रैंप वॉक किया।

सब्यसाची ने कहा कि उनका ब्रांड भारत के सबसे प्रतिष्ठित वस्त्र बुनकरों के साथ काम करता है और यह शो उसे परिलक्षित करता है।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि स्मृति ईरानी ने कहा कि वह सभी महिलाओं की प्रशंसा करती हैं, जिन्होंने अपने जीवन में बहुत संघर्ष किया है और अभी भी उनके चेहरे पर मुस्कुराहट बरकरार है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493