निकाय चुनाव से पहले आप को बदनाम कर रही भाजपा : सिसोदिया

नई दिल्ली, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शनिवार को आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली निकाय चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रही है।

भाजपा ने हाल ही में आप सरकार द्वारा एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर मनाए गए जश्न के खाने-पीने के खर्चो से संबंधित दस्तावेज जारी किए हैं।

सिसोदिया ने इसी संबंध में यह आरोप लगाया है।

इससे पहले, भाजपा नेता विजेंदर गुप्ता ने कहा कि आप सरकार ने 11-12 फरवरी, 2016 को मुख्यमंत्री आवास पर बहुत ही भव्य भोज का आयोजन किया था।

विजेंदर ने आरोप लगाए हैं कि भोज में 80 मेहमान आए थे और हर व्यक्ति पर 13,805 रुपये खर्च आया था।

विजेंदर ने कहा, “निश्चित तौर पर किसी भी सरकार द्वारा आयोजित यह सबसे मंहगा भोज रहा, क्योंकि वित्तीय नियमों के मुताबिक गैर पांच सितारा होटलों में भोज का खर्च प्रति व्यक्ति 1,250 रुपये तय है।”

विजेंदर के दावों को चुनौती देते हुए सिसोदिया ने कई ट्वीट किए और कहा कि उन्होंने खुद एक साल पहले इस भोज के खाने-पीने के खर्चो के बिल को मंजूरी नहीं दी थी और तत्कालीन उप-राज्यपाल नजीब जंग के पास यह फाइल कई महीनों तक लंबित पड़ा रहा था।

सिसोदिया ने कहा, “अब आप सरकार को बदनाम करने के लिए उसी फाइल का एक हिस्सा लीक किया गया है। झूठे आरोप लगाकर हमें बदनाम करनी की साजिश रची जा रही है।”

सिसोदिया ने कहा कि उप-राज्यपाल कार्यालय के अधिकारियों ने भाजपा के कहने पर आधी-अधूरी जानकारी पेश की है।

आप नेता ने चुनौती देते हुए कहा कि अगर भाजपा के पास दम है तो वे पूरी फाइल सार्वजनिक करें, जिसमें फूड बिल को नामंजूर करने वाली उनकी टिप्पणी भी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493