नई दिल्ली, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। राजधानी दिल्ली के राजौरी गार्डन विधानसभा सीट पर रविवार को उपचुनाव के लिए हुए मतदान में 47 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
दिल्ली में 2015 में हुए विधानसभा चुनाव में 72 फीसदी मत पड़े थे और आम आदमी पार्टी (आप) को भारी बहुमत हासिल हुआ था।
आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक जरनैल सिंह ने पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ने की वजह से राजौरी गार्डन सीट से इस्तीफा दे दिया था जिसके बाद से यह सीट रिक्त हुई।
चुनाव आयोग के दिशानिर्देशों के मुताबिक, 166 मतदान केंद्रों पर वोटर वेरिफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपीएटी) के साथ इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) का इस्तेमाल किया गया।
इस सीट से आप के हरजीत सिंह, कांग्रेस की मीनाक्षी चंदेला और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) के मनजिंदर सिंह सिरसा के बीच मुख्य लड़ाई है।
dharmpath.com dharmpath