बिहार : लालू परिवार पर मुख्यमंत्री आवास के पते के दुरुपयोग का आरोप

पटना, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने सोमवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद के परिवार पर मुख्यमंत्री आवास के पते का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया।

मोदी ने सामवार को यहां कहा, “लालू के बड़े पुत्र और राज्य के वन एवं पर्यावरण मंत्री तेजप्रताप तथा लालू के छोटे पुत्र और राज्य के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव न केवल 750 करोड़ के जमीन व मॉल के घोटाले में संलिप्त हैं बल्कि इन्होंने मुख्यमंत्री आवास के पते का भी दुरुपयोग किया है।”

सुशील मोदी ने कहा, “लालू प्रसाद की पुत्री चंदा यादव को ‘डिलाइट मार्केटिंग कंपनी प्राइवेट लिमिटेड’ का निदेशक नियुक्त करते समय मुख्यमंत्री आवास के पते का दुरुपयोग किया गया।”

भाजपा नेता ने कहा कि कम्पनी में निदेशक के तौर पर चंदा यादव का पता ‘सीएम हाउस’, 1,अणे मार्ग, सचिवालय थाना, जीपीओ पटना, पटना-800 001 दर्ज है।

उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि दोनों मंत्री बताएं कि क्या वर्ष 2014 में जब चंदा यादव कंपनी की निदेशक बनीं, तो उनका परिवार मुख्यमंत्री आवास में रहता था?

मोदी ने पूछा कि राबड़ी देवी वर्ष 2005 में ही मुख्यमंत्री के पद से हट चुकी थीं। फिर नौ वर्ष बाद लालू परिवार द्वारा बिहार के मुख्यमंत्री आवास के पते का दुरुपयोग करने का क्या निहितार्थ क्या है ?

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अब बताना चाहिए कि ऐसे लोगों पर कौन सी कार्रवाई करेंगे।

सुशील मोदी ने इससे पूर्व कहा था डिलाइट मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के मालिक तेज प्रताप, तेजस्वी यादव और राबड़ी देवी हैं। समय-समय पर इस कंपनी के नाम बदलते रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया था कि इसी कंपनी की जमीन पर बिहार के सबसे बड़े माल का निर्माण कराया जा रहा है, जिसकी मिट्टी पटना संजय गांधी जैविक उद्यान ने बिना टेंडर के खरीदी गई।

लालू यादव ने इन सभी आरोपों से इनकार किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493