भारत जाधव को न्याय दिलाने का हर संभव प्रयास करेगा : राजनाथ

नई दिल्ली, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि भारतीय नागरिक कुलभूषण जाधव को न्याय दिलाने के लिए भारत हर संभव प्रयास करेगा, जिन्हें पाकिस्तान में मौत की सजा सुनाई गई है।

राजनाथ ने लोकसभा में कहा, “हम पाकिस्तान की इस हरकत की निंदा करते हैं। मैं सदन को आश्वासन देना चाहता हूं कि जाधव को न्याय दिलाने के लिए जो भी करना जरूरी है, हम वह सब करेंगे।”

राजनाथ ने कहा कि पाकिस्तान ने जाधव को सजा सुनाने में ‘कानून और न्याय के बुनियादी नियमों’ को नजरअंदाज किया है।

राजनाथ के अनुसार, जाधव को तेहरान से अगवा कर लिया गया था और वह कोई जासूस नहीं है, जैसा कि पाकिस्तान दावा कर रहा है।

उन्होंने कहा, “जाधव को पाकिस्तानी मीडिया के सामने एक भारतीय जासूस के तौर पर पेश किया गया था।”

राजनाथ ने कहा, “पाकिस्तान ने कहा है कि जाधव के पास एक वैध भारतीय पासपोर्ट मिला है। अगर उसके पास वैध पासपोर्ट था तो वह जासूस कैसे हो सकता है? इसका सवाल ही पैदा नहीं होता।”

पाकिस्तानी सेना के एक बयान में सोमवार को कहा गया कि जाधव को तीन मार्च, 2016 को बलूचिस्तान से गिरफ्तार किया गया था।

उस पर पाकिस्तान के खिलाफ जासूसी और युद्ध छेड़ने का आरोप है।

राजनाथ ने कहा कि जाधव व्यावसायिक कारणों से ईरान गया था जहां से पाकिस्तान ने उसे अगवा कर लिया।

पाकिस्तान के बयान में जाधव को रॉ से जुड़ा अधिकारी बताया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493