स्पाइसर ने हिटलर संबंधी टिप्पणी के लिए माफी मांगी

वाशिंगटन, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव सीन स्पाइसर ने मंगलवार को अपनी उस टिप्पणी के लिए माफी मांगी, जिसमें उन्होंने कहा था कि एडोल्फ हिटलर ने भी द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान रासायनिक हथियारों का प्रयोग नहीं किया था।

सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल-असद को रूस के समर्थन और उनके द्वारा रासायनिक हथियारों के प्रयोग की आलोचना करते हुए स्पाइसर ने प्रेस से कहा था कि ‘यहां तक कि हिटलर भी द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान रासायनिक हथियारों का प्रयोग करने की हद तक नहीं गिरा था।’

स्पाइसर के इस बयान की कड़ी आलोचना की गई, जिसके बाद उन्होंने सीएनएन को दिए एक खास साक्षात्कार में अपनी टिप्पणियों को लेकर माफी मांगी।

उन्होंने कहा, “मैं केवल असद द्वारा पिछले सप्ताह अपने ही देश के लोगों के खिलाफ रासायनिक हथियारों और गैस के इस्तेमाल से किए गए इस घृणित कृत्य की आलोचना करना चाहता था।”

स्पाइसर ने कहा, “मैं स्वीकार करता हूं कि मैंने उस (यहूदियों के) विनाश को लेकर गलत और असंवेदनशील टिप्पणी की, जिसके साथ किसी चीज की तुलना नहीं की जा सकती। यह मेरी भूल थी।”

स्पाइसर ने पहले कहा था कि वह ‘जानते हैं’ कि उस सर्वनाश के दौरान गैस चैम्बरों का प्रयोग किया गया था। बाद में उन्होंने कहा कि उन्हें केवल असद के बारे में ही बात करनी चाहिए थी। उन्होंने ऐसा नहीं किया जिसके लिए वह लोगों से माफी मांगते हैं।

उन्होंने कहा, “मेरा लक्ष्य तब भी और अब भी केवल असद पर ही केंद्रित रहना था और मुझे ऐसा ही करना चाहिए था। मैं मानता हूं कि मुझसे भूल हुई है।”

हिटलर ने द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान भले ही रासायनिक हथियारों का प्रयोग नहीं किया था, लेकिन नाजियों ने यहूदियों, विकलांगों और अन्य लोगों को खत्म करने के लिए गैस चैम्बरों का इस्तेमाल किया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493