हिंदू युवा वाहिनी की बिहार में विस्तार की योजना

पटना, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ‘हिन्दू युवा वाहिनी’ की नजर अब बिहार पर है। इस संगठन ने राज्य के सभी जिलों में कार्यकर्ता बनाने का अभियान चलाने का निर्णय लिया है।

हिन्दू युवा वाहिनी की बिहार इकाई के अध्यक्ष, पंकज राय ने बुधवार को यहां कहा, “संगठन को मजबूत करने के लिए वाहिनी के नए पदाधिकारियों का चयन किया गया है। संगठन जून में योगी आदित्यनाथ को बिहार बुलाने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री के यहां आने से संगठन को गति मिलेगी।”

उन्होंने कहा कि बिहार में भी उत्तर प्रदेश सरकार की तरह काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लोग अब ‘रामराज्य’ की कल्पना करने लगे हैं।

राय ने उत्तर प्रदेश की तरह बिहार में भी एंटी रोमियो दस्ता बनाने तथा अवैध बूचड़खानों (पशु कत्लखाना) को बंद करने की मांग की है।

राय ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य हिन्दू संगठन को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि बिहार के सभी 38 जिलों में संगठन के विस्तार की योजना बनाई गई है और जल्द ही इसे कार्यरूप दिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि बिहार में मुख्य विपक्षी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूर्व में ही बिहार सरकार से राज्य में एंटी रोमियो दस्ता बनाने और अवैध बूचड़खानों को बंद करने की मांग कर चुकी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493