श्रीनगर, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में शुक्रवार को जनजीवन पटरी पर लौट आया है। रेल व इंटरनेट सेवाएं बहाल कर दी गई हैं।
उत्तर कश्मीर के बारामूला शहर और जम्मू के बनिहाल कस्बे के बीच रेल सेवाएं पांच दिनों के बाद दोबारा बहाल हो गई हैं।
मोबाइल फोन पर इंटरनेट की सुविधा आठ अप्रैल को बंद कर दी गई थी, जिसे गुरुवार शाम बहाल कर दिया गया। लैंडलाइन पर ब्रॉडबैंड कनेक्शन भी एक दिन की रुकावट के बाद शुरू हो गया है।
कश्मीर घाटी में बाजार, अन्य व्यवसाय, सार्वजनिक और निजी दोनों ही परिवहन सेवाओं ने सामान्य रूप से काम करना शुरू कर दिया है।
सरकारी कार्यालय, बैंके और शैक्षणिक संस्थान हालांकि आधिकारिक अवकाश होने की वजह से बंद हैं।
सर्दियों के महीनों में बंद रहने के बाद उत्तर कश्मीर के प्रसिद्ध हिल स्टेशन सोनमर्ग के लिए मार्ग गुरुवार को खोल दिया गया। घाटी में पिछले पांच दिनों से जारी तनाव के कारण हालांकि गुरुवार को बहुत कम पर्यटक सोनमर्ग जाते दिखे।
राज्य पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने हालांकि घाटी में पर्यटकों की आमद सामान्य होने की उम्मीद जताई है, क्योंकि भारत के मैदानों में तापमान इस साल की शुरुआत में ही तेजी से बढ़ रहा है।
2016 की गर्मियों के दौरान घाटी में अशांति के कारण स्थानीय होटल मालिकों, हाउसबोट मालिकों, टूर और ट्रैवल ऑपरेटरों और पर्यटन से जुड़े अन्य लोगों के व्यवसाय को काफी नुकसान हुआ है।
मुख्य धारा के राजनीतिक नेताओं और अलगाववादियों दोनों ने ही कश्मीर में पर्यटकों का स्वागत किया है।
स्थानीय होटल, हाउसबोट्स और डल झील में चलने वाले शिकारा आदि इस मौसम में आने वाले पर्यटकों का स्वागत करने के लिए तैयार हैं।
dharmpath.com dharmpath