मोदी के नेतृत्व में हो रहा नए भारत का निर्माण : वेंकैया नायडू (फोटो सहित)

भोपाल, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय शहरी विकास मंत्री एम. वेंकैया नायडू ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नए भारत का निर्माण हो रहा है।

नायडू ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नए भारत का निर्माण हो रहा है। सबका साथ, सबका विकास में विकास के लाभ सब तक पहुंचे, उसमें सबकी सहभागिता हो, इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई हो रही है।”

रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर प्रोजेक्ट एग्रीमेंट के अवसर पर सोमवार को यहां नायडू ने कहा, “मध्य प्रदेश देश का ऐसा विशिष्ट राज्य था जो संसाधनों से संपन्न किन्तु आर्थिक और सामाजिक तौर पर बीमारू था। अब प्रदेश की गतिशील सरकार ने राज्य को नई पहचान दिलाई है। रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर परियोजना की नीलामी में फ्रांस, जापान, इटली, सिंगापुर सहित छह अंतर्राष्ट्रीय संस्थाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह चमत्कारिक परिवर्तन सरकार के संकल्प और ईमानदार समर्पण का प्रतिफल है।”

नायडू ने कहा, “एक करोड़ 20 लाख परिवारों द्वारा गैस सब्सिडी स्वेच्छा से छोड़ने की पहल हुई है। प्रधानमंत्री विकास के हर क्षेत्र में कार्य करवा रहे हैं। स्वतंत्रता के 70 वर्षो में भी जहां 18 हजार से अधिक गांवों में बिजली नहीं पहुंच पाई थी वहीं अब अगले वर्ष तक सभी गांव विद्युतीकृत हो जाएंगे।”

इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सौर ऊर्जा भविष्य की ऊर्जा है और प्रदेश सोलर एनर्जी के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य होगा। इस क्षेत्र में राज्य में तेजी से कार्य हो रहा है। रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर परियोजना ने सौर ऊर्जा उत्पादन और उपयोग की नई राहें दिखाई हैं।

चौहान ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में देश को विजनरी लीडर मिला है, जो दुनिया के आइकन बन गए हैं। मध्य प्रदेश उनके सपनों को पूरा करने के लिए संकल्पित है। प्रधानमंत्री के एक लाख मेगावॉट सोलर ऊर्जा के लक्ष्य की पूर्ति में प्रदेश कोई कोर-कसर बाकी नहीं रखेगा।”

केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल ने रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर पावर प्रोजेक्ट को देश-दुनिया के लिए मिसाल बताते हुए कहा, “प्राजेक्ट देश में आदर्श मानक के रूप में स्वीकार किया गया है। अतिशेष विद्युत उपलब्धता के बावजूद मध्य प्रदेश ने सौर ऊर्जा के क्षेत्र में जो पहल की है वह सरकार की पर्यावरण के प्रति संवेदना और नवकरणीय ऊर्जा के प्रति दूरदृष्टि की परिचायक है।”

रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर लिमिटेड के चेयरमैन श्री मनु श्रीवास्तव ने परियोजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परियोजना में कई कार्य देश में पहली बार हुए हैं। निवेश को सुरक्षित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा गारंटी देने, वितरण बिंदु रीवा को बनाने और राज्य सरकार की भूमिका में वृद्धि जैसे नवाचार हुए हैं। पारदर्शी प्रक्रियाओं, वित्तीय और संस्थागत नवाचारों के फलस्वरूप देश में सौर ऊर्जा की सबसे कम प्रति यूनिट दर (दो रुपए 97 पैसे) प्राप्त करने में सफलता मिली।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493