अच्छे डिफेंस से अजलान शाह कप जीत सकते हैं: रुपिंदर

बेंगलुरू, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत की राष्ट्रीय पुरुष हॉकी टीम के दिग्गज खिलाड़ी रुपिंदर पाल सिंह का कहना है कि युवा खिलाड़ी 26वें सुल्तान अजलान शाह कप टूर्नामेंट के लिए तैयार हैं और अच्छे डिफेंस से इस टूर्नामेंट को जीता जा सकता है।

इस टूर्नामेंट का आयोजन मलेशिया में होना है और इसमें 10 दिनों से भी कम का समय रह गया है।

रुपिंदर ने कहा कि टीम के युवा खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में मेजबान मलेशिया, आस्ट्रिेलिया, ब्रिटेन, न्यूजीलैंड और जापान जैसी टीमों की चुनौतियों के लिए तैयार हैं।

उन्होंने कहा, “बेंगलुरू में जारी टीम के 40 दिवसीय शिविर में कड़ी मेहनत और मानसिक परिस्थितियों के साथ युवा खिलाड़ी अभ्यास कर रहे हैं। हमारे पास नए विश्लेषक कोच हैंस स्ट्रीडर हैं, जिन्होंने टीम की रणनीतियों में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं।”

रुपिंदर ने कहा कि इस शिविर में टीम की ओर से डिफेंस को मजबूत किए जाने में अधिक ध्यान दिया जा रहा है और उनका मानना है कि इसका प्रदर्शन मलेशिया में होने वाले मैचों में होगा। इससे हमें इस टूर्नामेंट के मैचों में जीत हासिल करने में मदद मिलेगी।

भारतीय टीम 22 अप्रैल को मलेशिया के लिए रवाना होगी। इस टूर्नामेंट की शुरुआत 29 अप्रैल से होगी और समापन छह मई को होगा।

इस टूर्नामेंट के लिए भारत की रक्षापंक्ति में हरमनप्रीत कौर, गुरिंदर सिंह, प्रदीम मोर और सुरेंद्र सिंह जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। रुपिंदर का कार्य इस टूर्नामेंट में युवा खिलाड़ियों का नेतृत्व करना होगा।

इस जिम्मेदारी से खुश रुपिंदर ने कहा, “मैं जानता हूं कि अपनी भूमिका के अलावा मुझ पर युवा खिलाड़ियों के नेतृत्व की भी जिम्मेदारी है। इनमें से हर कोई जानता है कि उन्हें क्या करना है और कैसे करना है? मुझे लगता है कि वे बड़ी टीमों की चुनौतियों से लड़ने के लिए तैयार हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493