मुम्बई, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। आईडीबीआई फेडरल लाइफ इंश्योरेंस मुम्बई हाफ मैराथन के दूसरे संस्करण के लिए लिए पंजीकरण मंगलवार से शुरू हो गया है। इसका आयोजन 20 अगस्त को होगा। इसके अलावा 24 घंटे की एक स्टेडियम रेस भी होगी, जिसका आयोजन 11 जून को होना है।
भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) द्वारा मान्यता प्राप्त इस रेस की शुरुआत बॉम्बे हाई कोर्ट (ओवल मैदान) के पास से होगा। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सचिन तेंदुलकर ‘फेस ऑफ द इवेंट’ हैं।
आयोजकों ने कहा है कि 21.1 किलोमीटर हाफ मैराथन (20 अगस्त तक न्यूनतम आयु 18 साल), 10 किलोमीटर टाइम्ड रन (20 अगस्त तक न्यूनतम उम्र 15 साल) और पांच किलोमीटर का हेरिटेज रन (20 अगस्त तक न्यूनतम उम्र 10 साल) के लिए पंजीकरण शुरू हो गया है।
पंजीकरण के लिए देश भर के धावक-मुम्बईहाफमैराथन डॉट कॉम पर लॉग-इन कर सकते हैं। यहां ध्यान देना जरूरी है कि हाफ मैराथन में सिर्फ भारतीय धावक ही हिस्सा ले सकते हैं। हाफ मैराथन के लिए शुल्क 1350 रुपये रखा गया है जबकि 10 किलोमीटर रेस के लिए 950 और पांच किलोमीटर रेस के लिए 650 रुपये फीस रखी गई है।
आईडीबीआई फेडरल लाइफ इंश्योरेंस मुम्बई हाफ मैराथन के दूसरे संस्करण के पंजीकरण की शुरुआत की घोषणा करते हुए आईडीबीआई फेडरल लाइफ इंश्योरेंस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विग्नेश साहाने ने कहा, “बीते साल की शानदार सफलता के बाद हम दूसरे संस्करण के आयोजन को लेकर बेहद उत्साहित हैं। इस साल हम और अधिक लोगों के हिस्सेदारी की उम्मीद कर रहे हैं। हमारा उद्देश्य भारत में रनिंग को बढ़ावा देना है और हमें उम्मीद है कि हम बीते साल की तरह इस साल भी बड़ी संख्या में उत्साही धावकों को जुटाने में सफल हो सकेंगे।”
रेस डायरेक्टर नागराज अडीगा ने कहा, “हमें यह बताते हुए गर्व महसूस हो रहा है कि इस साल आईडीबीआई फेडरल लाइफ इंश्योरेंस मुम्बई हाफ मैराथन में सचिन तेंदुलकर ‘फेस ऑफ द इवेंट’ के तौर पर वापसी कर रहे हैं। इस साल हम चाहते हैं कि हर धावक मैराथन पूरा करे क्योंकि हम धावकों की क्षमता को नापना चाहते हैं। हम इसके लिए आने वाले महीनों में प्रोमो रन और ट्रेनिंग रन का आयोजन करेंगे, जो धावकों को मैराथन को सफलतापूर्वक पूरा करने में मदद करेंगे।”
मुम्बई, दिल्ली और कोलकाता हाफ मैराथन के ‘फेस ऑफ द इवेंट’ सचिन तेंदुलकर ने कहा, “इस तरह के प्रयास लोगों को एक साथ जोड़ने और देश को स्वस्थ बनाने की मुहिम में काफी कारगर होते हैं। बीते साल मैंने देखा था कि हजारो लोग आईडीबीआई फेडरल लाइफ इंश्योरेंस मुम्बई हाफ मैराथन में दौड़ रहे हैं, मेरे मन में कोई शक नहीं रह गया कि हम स्वस्थ और खुशहाल भारत की ओर अग्रसर हैं। इस साल भी मैं उम्मीद करता हूं कि बड़ी संख्या में लोग मुम्बई हाफ मैराथन में हिस्सा लेंगे और अपना ही रिकार्ड बेहतर करेंगे।”
dharmpath.com dharmpath