छपरा, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र में गुरुवार को अज्ञात लुटेरों ने भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के कैशवैन से 11 लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए। लूट के दौरान विरोध करने पर लुटेरों ने एक कर्मचारी को गोली मार दी, जिससे वे घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, सारण के मढौरा के एलआईसी कार्यालय से 11.44 लाख रुपये लेकर रेडियेंट निजी कंपनी की कैशवैन छपरा के आईसीआईसीआई बैंक में जमा करने जा रही थी।
इस दौरान अपराधियों ने पटेरही गांव के पास कैशवैन को निशाना बनाते हुए बैग में रखे सभी रुपये लूटकर फरार हो गए। इस दौरान विरोध करने पर अपराधियों ने कैशियर रामबाबू को गोली मार दी, गोली लगने से वे बुरी तरह घायल हो गए। इसके अलावे अन्य दो कर्मचारियों के साथ भी लुटेरों ने मारपीट की है।
मढ़ौरा के थाना प्रभारी ज़े पी़ पंडित ने बताया कि अपराधियों के संख्या 10 से 12 बताई जा रही है, जो सभी मोटरसाइकिल पर सवार थे और हैलमेट पहने हुए थे।
उन्होंने बताया कि सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है तथा पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
dharmpath.com dharmpath