गुरुग्राम, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। रियो ओलम्पिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली महिला खिलाड़ी अदिति अशोक, पुरुष खिलाड़ी एस.एस.पी. चौरसिया और अली शेर ने गुरुवार को गोल्फ इंडस्ट्री एसोसिएशन (जीआईए) अवार्ड पर कब्जा जमाया।
पिछले साल महिला यूरोपियन टूर (एलईटी) की मेरिट सूची में दूसरे स्थान पर रहने वाली अदिति को आउटस्टैडिग अचिवमेंट अवार्ड के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
चौरसिया को साल 2016 के सर्वश्रेष्ठ पुरुष गोल्फ खिलाड़ी के पुरस्कार से नावाजा गया। चौरसिया ने इस साल इंडियन ओपन का खिताब बचाया था। इसके अलावा पिछले साल दो जीत हासिल की थीं।
वरिष्ठ गोल्फ खिलाड़ी अली शेर को शानदार करियर के लिए अवार्ड दिया गया।
अली ने 1991 में इंडियन ओपन का खिताब जीता था। वह भारत के पहले पेशेवर गोल्फ खिलाड़ी थे जिन्होंने यह टूर्नामेंट जीता हो। उनके बाद ही भारतीय गोल्फ की दिशा बदली और कई खिलाड़ियों ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की। उन्होंने 1991 में ही अर्जुन अवार्ड जीता था और फिर 1993 में एक बार फिर इंडियन ओपन पर कब्जा जमाया था।
इस मौके पर जीआईए के कार्यवाहक अध्यक्ष आकाश ओहरी ने कहा, “मैं सभी विजेताओं को खेल को बढ़ावा देने के लिए बधाई देता हूं। अली शेर के इंडियन ओपन जीतने के बाद गोल्फ ने भारत में लंबा सफर तय किया है। वो दिन दूर नहीं जब भारत गोल्फ में ओलम्पिक में स्वर्ण पदक लेकर आएगा।”
dharmpath.com dharmpath