पाकिस्तान : दवा घोटाले में पूर्व प्रधानमंत्री के पुत्र आरोपित

इस्लामाबाद, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। पाकिस्तान की मादक पदार्थ-रोधी विशेष अदालत ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी के बेटे अली मूसा तथा 10 अन्य को दवा घोटाले में आरोपित किया है।

डॉन की रपट के मुताबिक, मामला दो पाकिस्तानी दवा कंपनियों -बर्लेक्स तथा दनास- से जुड़ा है, जिसने कथित तौर पर अपने राजनीतिक संपर्को की मदद से एफेड्रिन नामक प्रतिबंधित दवा की भारी मात्रा हासिल की और उसे मादक पदार्थ के धंधे में लिप्त लोगों तक पहुंचा दिया।

गिलानी के बेटे को एफेड्रिन के अवैध आवंटन का आरोपी बनाया गया है। मामले के अन्य आरोपियों में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मखदुम शहाबुद्दीन, स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारी अब्दुल सत्तार तथा डॉ.अब्दुल खालिक के नाम हैं।

आरोपियों द्वारा खुद को निर्दोष बताने के बाद न्यायाधीश ने दवा घोटाले में आरोपियों को औपचारिक तौर पर आरोपित किया।

रपट के मुताबिक, अगली सुनवाई के लिए 12 मई की तारीख मुकर्रर की गई है, जिस दिन अदालत आरोपियों की दलीलें सुनेगा।

पूर्व मुख्य न्यायाधीश इफ्तिखार चौधरी ने साल 2012 की शुरुआत में कहा था कि मामले में अली मूसा गिलानी भी आरोपी है।

उल्लेखनीय है कि अप्रैल 2012 में एंटी-नारकोटिक्स फोर्स (एएनएफ) ने न्यायालय के समक्ष 23 पन्नों की एक रपट सौंपी थी, जिनमें अली मूसा गिलानी तथा अन्य के नाम थे, जिनपर कथित तौर पर साल 2010-11 के बीच मुल्तान के बर्लेक्स लैब इंटरनेशनल को 6,500 किलोग्राम एफेड्रिन तथा इस्लामाबाद स्थित दनास फार्मा प्राइवेट लिमिटेड को 2,500 किलोग्राम एफेड्रिन आवंटित कराने का आरोप था।

एफेड्रिन मेथामफ्टेमि के प्रमुख अवयवों में से एक है, जो हेरोइन से भी अधिक नशीला माना जाता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493