चंडीगढ़, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शुक्रवार को कहा कि कनाडा ने नागरिक उड्डयन, कौशल विकास, शिक्षा, रक्षा और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं में हरियाणा में निवेश में रुचि दिखाई है।
कनाडा के रक्षामंत्री हरजीत सिंह सज्जन ने यहां खट्टर से मुलाकात की और हरियाणा में निवेश में रुचि दिखाई। इसके बाद खट्टर ने मीडिया से बात की।
उन्होंने कहा कि कनाडाई कंपनियों द्वारा हरियाणा में निवेश को लेकर आगे और बैठकें होंगी। राज्य में इस निवेश से युवाओं के लिए रोजगार तैयार होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2015 में उनके कनाडा दौरे के दौरान हस्ताक्षरित दो समझौता ज्ञापनों पर भी चर्चा हुई।
बागवानी पर हुए एमओयू का क्रियान्वयन सुनिश्चित कराने के लिए एक कार्यकारी समूह गठित करने का भी निर्णय लिया गया। इस क्रियान्वयन को हरियाणा और कनाडा संयुक्त रूप से निष्पादित कराएंगे।
खट्टर ने विभिन्न क्षेत्रों में हरियाणा द्वारा की गई प्रगति के बारे में सज्जन को जानकारी दी।
इसके पहले सज्जन ने यहां कनाडा के नए महावाणिज्यदूतावास का उद्घाटन किया।
इसके एक दिन पहले गुरुवार को उन्होंने अमृतसर स्थित हरमंदर साहिब में मत्था टेका और पंजाब के अन्य स्थलों का दौरा किया।
dharmpath.com dharmpath