भुवनेश्वर, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओडिशा इकाई ने साल 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले राज्य में संगठन की जड़ें गहरी करने के उद्देश्य से शनिवार को राज्य कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक की शुरुआत की।
प्रदेश में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद राज्य के नेता उत्तरी ओडिशा के बारीपाड़ा में जुटे हैं। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित पार्टी के शीर्ष नेता शामिल हुए थे।
राज्य में भाजपा के प्रभारी अरुण सिंह ने कहा, “संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए पार्टी एक खाका तैयार करेगी। इसके अलावा, हम मौजूदा नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ मुद्दों को बढ़चढ़कर उठाएंगे।”
हाल में संपन्न हुए पंचायत चुनाव में भारी सफलता से गदगद पार्टी को उम्मीद है कि अगर वह जमीनी स्तर पर अपनी जड़ें मजबूत कर पाने में सफल रही, तो उसके पास बीजू जनता दल (बीजद) सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने तथा खुद सत्ता में आने का सुनहरा मौका है।
राज्य भाजपा के प्रवक्ता सज्जन शर्मा ने कहा कि पार्टी कार्यकारिणी की बैठक में कई राजनीतिक प्रस्ताव पारित करेगी।
केंद्रीय अनुसूचित मामलों के मंत्री जुआल ओराम तथा पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान रविवार को बैठक में शिरकत करेंगे।
dharmpath.com dharmpath