एसवाईएल मुद्दे पर अमरिंदर को रोके कांग्रेस : खट्टर

चंडीगढ़, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सोमवार को विपक्ष पर ‘राजनीतिक धोखाधड़ी’ का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एसवाईएल नहर के जरिए हरियाणा को मिल रहे पानी का प्रवाह बंद करने से पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह को रोके।

सतलज-यमुना लिंक नहर (एसवाईएल) मुद्दे पर प्रधानमंत्री के साथ बैठक आयोजित नहीं करने और बाद में अकेले प्रधानमंत्री से मिलने को लेकर विपक्ष ने मुख्यमंत्री खट्टर की कड़ी आलोचना की है।

खट्टर ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा सहित कांग्रेस से कहा कि वह ‘पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से संपर्क करें और उनसे आग्रह करें कि वह अमरिंदर सिंह को हरियाणा का पानी बंद करने से रोकें।’

विपक्ष पर सस्ती राजनीति करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष इससे पहले ‘सतलज-यमुना लिंक नहर, जीएसटी और किसानों के दूसरे जरूरी मुद्दों पर प्रधानमंत्री से नहीं मिलने को लेकर आलोचना करता था।’

उन्होंने कहा, “अब जब मैंने सभी मुद्दों पर प्रधानमंत्री से चर्चा की तो वह मुझ पर विपक्ष को साथ नहीं लेने का आरोप लगा रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पर विश्वास नहीं करके विपक्ष ने हरियाणा के 2.5 करोड़ लोगों का अपमान किया है।

एसवाईएल नहर के जरिए पानी के विवाद को लेकर विपक्ष पर सवाल उठाते हुए खट्टर ने कहा, “सर्वोच्च न्यायालय ने पहले हरियाणा के पक्ष में अपना फैसला दिया है और दूसरे निर्णय की प्रतीक्षा है। इसके बाद कोई भी एसवाईएल नहर के निर्माण को रोकने में सक्षम नहीं होगा।”

हरियाणा और पंजाब में एसवाईएल नहर के जरिए पानी के बंटवारे को लेकर लड़ाई कड़वाहट में बदल गई है। पंजाब ने कहा है कि उसके पास हरियाणा को देने के लिए पानी नहीं है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493