उप्र : योगी मंत्रिमंडल की बैठक में विधानसभा सत्र बुलाने का निर्णय संभव

लखनऊ, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को कैबिनेट की बैठक लेंगे। सूत्रों के मुताबिक कैबिनेट बैठक में उप्र विधानमंडल का सत्र बुलाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी जा सकती है। यह नई सरकार का पहला सत्र होगा।

इस संबंध में विचार-विमर्श के लिए पिछले दिनों मुख्यमंत्री ने राज्यपाल राम नाईक से मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार शाम पांच बजे से लोक भवन सचिवालय में कैबिनेट की बैठक बुलाई है।

सूत्रों ने कहा कि मुख्यमंत्री ने राज्यपाल राम नाईक से उनकी सुविधा की तारीख देने की अपील की थी, लेकिन राज्यपाल ने मुख्यमंत्री से कहा था कि वे अपनी सुविधा के अनुसार तारीख तय कर लें।

खास बात यह है कि नई सरकार के पहले सत्र के पहले दिन राज्यपाल दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हैं।

कैबिनेट बैठक में वर्ष 2017-18 की नई तबादला नीति को भी मंजूरी दी जा सकती है। नई तबादला नीति में अखिलेश यादव की पूर्व सरकार की तबादला नीति को बदला जा सकता है।

जिले में छह साल से घटाकर पांच साल और मंडल में 10 साल से घटाकर सात साल तक वालों के तबादले के फार्मूले को हरी झंडी दी जा सकती है।

इसके साथ ही सचिवालय की अलग से तबादला नीति को भी मंजूरी दी जा सकती है। कैबिनेट में सभी विभागों में ई-टेंडरिंग की व्यवस्था लागू करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी जा सकती है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493