नई दिल्ली, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री एम. वेंकैया नायडू ने गुरुवार को अभिनेता एवं भाजपा सांसद विनोद खन्ना के निधन पर शोक जताया।
नायडू ने अपने संदेश में कहा, “मुझे महान फिल्म कलाकार और संसद सदस्य विनोद खन्ना के निधन से बेहद दुख हुआ है। मैं उनके असामयिक निधन से स्तब्ध हूं। उनकी आत्मा को शांति मिले।”
उन्होंने कहा, “भारतीय सिनेमा में उनका काफी बड़ा योगदान रहा है और उनके असामयिक निधन से पैदा हुई रिक्तता को भर पाना बेहद कठिन होगा।”
नायडू ने कहा कि लोग ‘मेरे अपने’, ‘मेरा गांव मेरा देश’, ‘जेल यात्रा’, ‘मुकद्दर का सिकंदर’, ‘इनकार’, ‘अमर अकबर एंथोनी’, ‘कुर्बानी’, ‘दयावान’ जैसी कई शानदार फिल्मों में उनके अभिनय को हमेशा याद रखेंगे।
विनोद खन्ना पंजाब के गुरदासपुर से लोकसभा सदस्य थे। यह इस सीट से सांसद के रूप में उनका चौथा कार्यकाल था।
नायडू ने कहा कि खन्ना पिछले 20 सालों से भाजपा से जुड़े थे और अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में मंत्री थे।
नायडू ने कहा, “उनका निधन पार्टी और गुरदासपुर के लोगों के लिए एक बड़ी क्षति है।”
dharmpath.com dharmpath