शारापोवा ने दिया आलोचकों को करारा जवाब

स्टटगार्ट, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। लंबे समय के प्रतिबंध के बाद टेनिस जगत में अपनी वापसी पर उठे सवालों और आलोचनाओं को लेकर रूस की दिग्गज टेनिस खिलाड़ी मारिया शारापोवा ने करारा जवाब दिया है।

वापसी के बाद पहले ही टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने वाली शारापोवा का कहना है कि वह ‘इन सबसे (आलोचनाओं-आपत्तियों से) कहीं ऊपर हैं’ और अपने भविष्य पर ध्यान दे रही हैं।

बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, वर्तमान में स्टटगार्ट ओपन के जरिए 15 माह के प्रतिबंध के बाद टेनिस कोर्ट पर वापस लौटीं शारापोवा की पहली प्रतिद्वंद्वी इटली की रॉबर्टा विंसी ने सवाल खड़े किए थे।

विंसी ने शारापोवा को इस टूर्नामेंट में मिले वाइल्ड कार्ड प्रवेश पर सवाल खड़े किए थे और इसे असम्मानजनक करार दिया था। इसके बाद कनाडा की टेनिस खिलाड़ी इयुजिन बुचार्ड ने रूस की दिग्गज खिलाड़ी को धोखेबाज करार दिया था।

बुचार्ड ने कहा था कि शारापोवा धोखेबाज हैं और उन्हें फिर से टेनिस खेलने की अनुमति नहीं मिलनी चाहिए।

बुचार्ड की आलोचना पर शारापोवा ने कहा, “मैं अपने भविष्य पर ध्यान दे रही हूं। मैं इन चीजों से काफी ऊपर हूं।”

शारापोवा ने स्टटगार्ट ओपन टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। उन्होंने महिला एकल वर्ग में एकातेरीना माकारोवा को 7-5, 6-1 से मात दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493