उप्र में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आज

लखनऊ , 1 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद दिल्ली के नगर निगम (एमसीडी) चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा प्रचंड बहुमत हासिल करने के बाद सोमवार को यहां पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हो रही है, जिसमें कई दिग्गजों के शिरकत करने की उम्मीद है।

बैठक का उद्घाटन शाम चार बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इसमें भाग लेने के लिए कई दिग्गजों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। बैठक यहां साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में होगी, जिसमें निकाय चुनाव से लेकर 2019 के लोकसभा चुनाव की रणनीति तक पर चर्चा की जाएगी।

बैठक में राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक प्रस्ताव पेश किए जाएंगे। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मनोज मिश्र ने बताया कि बैठक का समापन मंगलवार को पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह करेंगे।

बैठक का मुख्य एजेंडा राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक प्रस्ताव पेश करना है। इसमें पार्टी की भविष्य की रणनीति का रोडमैप पेश किया जाएगा, जिसमें जल्द ही उप्र में होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर तैयारी पर चर्चा होगी।

भाजपा नेताओं के अनुसार, एक रिपोर्ट पंडित दीन दयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष को लेकर अब तक किए गए कार्यो पर भी होगी।

बैठक में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष व उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश के स्थाई आमंत्रित सदस्य, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, प्रदेश मीडिया विभाग, प्रदेश मोर्चा के अध्यक्ष, क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय संगठन मंत्रियों सहित लगभग 500 से अधिक लोग शामिल होंगे।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद कार्यसमिति की पहली बैठक अगस्त 2016 में झांसी में हुई थी। इसके बाद चुनावी व्यस्तता के चलते कार्यसमिति की बैठक नहीं हुई।

बैठक में उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर, राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) शिवप्रकाश, प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल, राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह व अनिल जैन, केंद्रीय मार्गदर्शक मंडल के सदस्य डॉ. मुरली मनोहर जोशी, केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी भी मौजूद रहेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493