नई दिल्ली, 10 मई (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री अरुण जेटली ने बुधवार को शोपियां जिले में आतंकवादियों द्वारा अगवा एक कश्मीरी सैन्य अधिकारी की हत्या को ‘कायरतापूर्ण कृत्य’ करार देते हुए कहा कि ‘उनकी शहादत’ आतंकवाद के खत्मे को लेकर एक बार फिर राष्ट्र की प्रतिबद्धता को दोहराती है।
उन्होंने एक ट्वीट में कहा, “शोपियां में आतंकवादियों द्वारा लेफ्टिनेंट उमर फैयाज का अपहरण और हत्या कायरतापूर्ण कृत्य है। जम्मू एवं कश्मीर का यह युवा अधिकारी एक रोल मॉडल था।”
उन्होंने कहा, “2 राजपूताना राइफल्स के लेफ्टिनेंट उमर फैयाज एक असाधारण खिलाड़ी थे। युवा अधिकारी की शहादत आतंकवाद खत्म करने को लेकर एक बार फिर देश की प्रतिबद्धता को दोहराती है।”
मंत्री ने कहा, “इस दुख की घड़ी में हम लेफ्टिनेंट उमर फैयाज के परिवार के साथ खड़े होते हैं। लेफ्टिनेंट उमर फैयाज घाटी में युवाओं को प्रेरित करते रहेंगे।”
शोपियां जिले में बुधवार सुबह 22 वर्षीय फैयाज का शरीर गोलियों से छलनी मिला।
पुलिस के अनुसार, फैयाज को मंगलवार शाम कुलगाम कस्बे से आतंकवादियों ने अगवा कर लिया था, जब वह एक शादी समारोह में हिस्सा लेने के लिए गए हुए थे।
dharmpath.com dharmpath