‘हिंदी मीडियम’ के लिए डिसक्लेमर की मांग बहस का विषय : इरफान

कोलकाता, 12 मई (आईएएनएस)। सेंसर बोर्ड ने आगामी फिल्म ‘हिंदी मीडियम’ के निर्माताओं से डिसक्लेमर जारी कर इसे काल्पनिक बताने के लिए कहा है। अभिनेता इरफान खान ने इस मुद्दे को बहस का विषय करार दिया है।

‘हिंदी मीडियम’ में इरफान और पाकिस्तानी अभिनेत्री सबा कमर प्रमुख भूमिकाओं में हैं।

अभिनेता ने यहां संवाददाताओं से कहा, “चाहे फिल्म भले ही असल जिंदगी की घटना से प्रेरित हो.. इसे असल जिंदगी की घटना से प्रेरित या वास्तविक जिंदगी पर आधारित बताना बहस का विषय है और इस पर बहस होनी चाहिए।”

साकेत चौधरी निर्देशित ‘हिंदी मीडियम’ में दिखाया गया है कि कैसे ज्ञान अर्जित करने के एक बेहतरीन माध्यम शिक्षा का इस्तेमाल असमानता को बढ़ावा देने के लिए किया जा रहा है।

यह असमानता अंग्रेजी माध्यम स्कूल बनाम क्षेत्रीय भाषी स्कूलों और निजी स्कूल बनाम सरकारी स्कूलों के आधार पर बनाई गई है।

फिल्म दिल्ली के चांदनी चौक में रहने वाले एक युवा जोड़े की रोमांटिक कहानी है, जो समाज के ऊंचे तबके से जुड़ना चाहते हैं।

साकेत चौधरी इससे पहले इन आरोपों का खंडन कर चुके हैं कि यह 2014 की पारिवारिक बांग्ला फिल्म ‘रामधनु’ की कहानी पर आधारित है और उसकी नकल है।

फिल्म में दंपति के सामने मौजूद चुनौतियों के बारे में पूछे जाने पर इरफान ने कहा कि आजकल बच्चों का अच्छे स्कूलों में दाखिला कराना बड़ी चुनौती है।

उन्होंने रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ ही छात्रवृत्ति को बढ़ावा देने की भी वकालत की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493