बिहार में युवती को गोली मारने वाले की पीट-पीटकर हत्या

गया, 13 मई (आईएएनएस)। बिहार के गया जिले के डुमरिया थाना क्षेत्र में आयोजित एक यज्ञ के दौरान गोली चलने से एक लड़की घायल हो गई। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि पिपरा गांव निवासी विकास सिंह ने शुक्रवार की रात मांडरपर गांव में चल रहे यज्ञ स्थल पर पहुंचकर यज्ञ बंद करने की धमकी देते हुए कई लोगों से दुर्व्यवहार किया। इसी क्रम में जब ग्रामीणों ने उसका विरोध किया तो उसने राइफल से गोलीबारी कर दी, जिससे यज्ञ में भाग ले रही 17 वर्षीय गुड़िया कुमारी घायल हो गई।

इस घटना से आक्रोशित लोगों ने विकास को पकड़ लिया और लाठी-डंडों से उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

इधर, विकास की मौत की सूचना जब उसके गांव पिपरा पहुंची तब गांव के ग्रामीणों ने मांडरपर गांव पहुंचकर यज्ञस्थल पर कई दुकानों में आग लगा दी और कई लोगों के साथ मारपीट की।

शेरघाटी के पुलिस उपाधीक्षक उपेंद्र प्रसाद ने बताया कि घायल गुड़िया को इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर है।

उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। घटना के बाद से दोनों गांवों में तनाव बना हुआ है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493