जमुई, 15 मई (आईएएनएस)। बिहार के जमुई जिले के एक सरकारी स्कूल में सोमवार को मध्याह्न भोजन खाने से करीब 25 बच्चे बीमार हो गए। सभी बच्चों को इलाज के लिए जमुई के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी बच्चों को छुट्टी दे दी गई।
पुलिस के अनुसार, जमुई के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, इकेरिया में मध्याह्न भोजन खाने के दौरान कई बच्चों ने सब्जी में मरी हुई छिपकली गिरने की बात कह दी। यह बात पूरे गांव में फैल गई। इसी दौरान मध्याह्न भोजन खा चुके कई बच्चे पेट में दर्द और उल्टी की शिकायत करने लगे।
जमुई नगर थाना के प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि आनन-फानन में पीड़ित 25 से 27 बच्चों को इलाज के लिए सदर अस्पताल जमुई लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी की छुट्टी दे दी गई।
उन्होंने बताया कि भोजन के बचे हुए भाग को पुलिस ने जांच के लिए जब्त कर लिया है।
जमुई जिला शिक्षा अधीक्षक सुरेंद्र प्रसाद सिन्हा ने कहा कि सभी बच्चों की स्थिति सामान्य है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
dharmpath.com dharmpath