गोवंश की रक्षा सबकी सामाजिक-नैतिक जिम्मेदारी : रमन (फोटो सहित)

रायपुर, 17 मई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह प्रदेश व्यापी लोक सुराज अभियान के तहत बुधवार को विकासखंड धमधा के ग्राम तरकोरी पहुंचे। उन्होंने वहां समाज सेवियों द्वारा जन सहयोग से संचालित सुरभि गौशाला एवं जीवरक्षा केंद्र को भी देखा।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा, “गौ-माता की सेवा और गौ-धन की रक्षा हम सब की सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी है। हमारी कृषि प्रधान भारतीय अर्थव्यवस्था में खेती-किसानी से लेकर दूध के उत्पादन तक गौवंश का महत्वपूर्ण योगदान होता है।”

मुख्यमंत्री ने इस बात पर खुशी जताई कि तरकोरी में जनसहयोग से इस गौशाला का संचालन किया जा रहा है। संस्था के सचिव सनत सिंह ने मुख्यमंत्री को बताया, “गौशाला में इस समय लगभग 250 पशु रखे गए हैं। लावारिस घूमने वाले पशु भी इनमें शामिल हैं, जिन्हें नगरीय निकायों द्वारा पकड़ कर यहां भेजा जाता है।”

उन्होंने बताया कि संस्था का गठन लगभग दो साल पहले किया गया था, जो करीब डेढ़ एकड़ के रकबे में है। संस्था को जनसहयोग के साथ-साथ छत्तीसगढ़ राज्य गौ-सेवा आयोग से अनुदान भी मिलता है।

मुख्यमंत्री ने गोवंश के संरक्षण के लिए सभी लोगों से सहयोग बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने एक बछड़े को अपने हाथों से गुड़ भी खिलाया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493