रायपुर, 17 मई (आईएएनएस)। मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट और लगभग 47 डिग्री तापमान के बावजूद लोक सुराज अभियान के तहत मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का दौरा बुधवार को भी जारी रहा।
इस दौरान सिंह रायपुर से हेलीकॉप्टर से दुर्ग जिले के ग्राम तरकोरी (विकासखंड धमधा) और बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम जमगहन (विकासखंड बिलाईगढ़) अचानक पहुंचे। दोनों गांवों की चौपालों में उन्होंने ग्रामीणों से उनकी समस्याओं और जरूरतों के बारे में बातचीत की।
सिंह ने धमधा विकासखंड के ग्राम तरकोरी में उन्नत खेती का भी जायजा लिया। वह किसानों के खेतों में पहुंचे, जहां उन्होंने शेड नेट में की जा रही खीरे और अन्य सब्जियों की खेती देखी। मुख्यमंत्री ने इस बात पर खुशी जताई कि अब छत्तीसगढ़ के किसान खेती के उन्नत तौर-तरीके अपनाने लगे हैं और गर्मियों में साग-सब्जी की भी अच्छी खेती कर रहे हैं।
सिंह तरकोरी में संचालित गौशाला भी पहुंचे, वहां उन्होंने पशुओं के रख-रखाव की जानकारी ली और एक बछड़े को गुड़ भी खिलाया।
मुख्यमंत्री ने तरकोरी की चौपाल में 10 लाख रुपये की लागत से मंगल भवन और वहां के दो वार्डो में आठ लाख रुपये की लागत से सीमेंट कंक्रीट सड़क (सीसी रोड) मंजूर करने की घोषणा की। उन्होंने यह भी कहा कि गांव के नजदीक पांडेय तालाब से तरकोरी के किसानों को सिंचाई सुविधा दिलाने के लिए नहर निर्माण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने तरकोरी में दो स्थानों पर पेयजल आपूर्ति के लिए सोलर पंप लगवाने का भी ऐलान किया।
मुख्यमंत्री को तरकोरी में स्थानीय पंचायत सचिव के विरुद्ध शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही की शिकायत मिली। इस पर उन्होंने संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश कलेक्टर को दिए।
dharmpath.com dharmpath