कोलकाता, 24 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गंगा के कटाव पर चर्चा के लिए समय मांगा है। ममता बुधवार से दिल्ली दौरे पर हैं।
ममता अपने दिल्ली दौरे के दौरान शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधंी व अन्य विपक्षी नेताओं के साथ बैठक करेंगी। इसमें जुलाई में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए एक साझा गैर भाजपा उम्मीदवार तय किया जाएगा।
ममता बनर्जी ने दिल्ली रवाना होने से पहले हवाईअड्डे पर मीडिया से कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अगले दो दिनों में समय मांगा है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि वह मोदी से बुधवार या गुरुवार को मुलाकात करेंगी और गंगा के कटाव के मुद्दे के साथ ही नदी की समस्याओं पर चर्चा करेंगी, जिससे लोग प्रभावित हो रहे हैं।
ममता ने केंद्र से कुछ निश्चित क्षेत्रों में मदद नहीं मिलने की बात कही। उन्होंने कहा कि वह समस्या को सुलझाने की कोशिश करेंगी।
उन्होंने कहा, “कुछ क्षेत्रों में हमें निधि नहीं मिल रही है। मैं इन पर बात करूंगी। जब कभी मैं दिल्ली एक-दो बार जाती हूं तो मैं उनसे साल में एक बार मिलती हूं। यह हमारा शिष्टाचार है। इस वजह से हमने उनसे समय मांगा है।”
dharmpath.com dharmpath