बिहार : बस में आग लगने से 8 मरे, मुआवजे की घोषणा

बिहारषरीफ, 25 मई (आईएएनएस)। बिहार के नालंदा जिले के हरनौत में गुरुवार की शाम एक चलती बस में आग लग जाने से आठ लोगों की मौत हो गई वहीं इस घटना में 20 से 25 लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों में 10 की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। इस बीच बिहार सरकार ने मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये बतौर मुआवजा देने की घोषणा की है।

पुलिस के अनुसार, पटना से यात्रियों को लेकर एक बस शेखपुरा जा रही थी, तभी हरनौत बाजार के समीप बस अचानक धू-धूकर जलने लगी। बस में आग लगने की घटना सुनने के बाद बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और यात्री नीचे उतरने के लिए भागने लगे। देखते ही देखते आग पूरे बस को अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग और धुएं के गुबार के कारण पिछले हिस्से में सवार कई लोग फंस गए। स्थानीय लोगों ने बस में लगी आग बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन वे आग पर काबू न पा सके। बाद में अग्निशमन दस्ते की टीम के आने के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

नालंदा के पुलिस अधीक्षक कुमार आशीष ने बताया कि इस घटना में आठ लोगों की मौत हो गई जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती करा दिया गया है। कई लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। उन्होंने बताया कि मुख्य रूप से 10 से 12 लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को पटना रेफर कर दिया है। बस में 45 से 50 यात्री सवार थे।

आशीष ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है तथा पुलिस घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन कर रही है। आग लगने का कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस में ज्वलनशील पदार्थ (कार्बाइड) रखा गया था। आशंका है कि बस के इंजन की गर्मी से कार्बाइड के बोरी में आग लगी और वही आग पूरे बस को अपनी चपेट में ले लिया।

इधर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है।

इस बीच बिहार सरकार द्वारा मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की गई है। साथ ही घायलों का इलाज सरकारी खर्च पर किए जाने की बात भी कही गई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493