चेन्नई, 31 मई (आईएएनएस)। विभिन्न छात्र संगठनों के सदस्यों ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-मद्रास (आईआईटी-एम) के एक शोध-छात्र पर हुए हमले के विरोध में बुधवार को विद्यालय परिसर के बाहर प्रदर्शन किया।
केंद्र सरकार द्वारा जारी की गई वध के लिए पशुओं की बिक्री पर प्रतिबंध से संबंधित अधिसूचना के विरोध स्वरूप मंगलवार को गोमांस भोज में शामिल होने के चलते शोध-छात्र आर. सूरज पर यह हमला हुआ।
इस विरोध प्रदर्शन में डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवाईएफआई) और स्टुडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) जैसे संगठनों के छात्रों ने हिस्सा लिया और आर. सूरज पर हुए हमले के खिलाफ नारे लगाए। इसके अलावा, उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ भी नारे लगाए।
पुलिस ने बाद में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
थानथई पेरियार द्रविड़ार कजगम के सदस्यों ने भी आईआईटी-एम के बाहर गोमांस खाकर विरोध प्रदर्शन किया।
इस बीच, पुलिस ने बुधवार को कहा कि उन्होंने सूरज पर हुए हमले के संबंध में आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हालांकि, अभी तक किसी को भी गिरफ्तार नहीं किया गया है।
सूरज पर मंगलवार को गोमांस भोज में हिस्सा लेने के लिए छात्रों के एक समूह द्वारा हमला किया गया। इस गोमांस भोज का आयोजन आईआईटी-एम परिसर में रविवार को छात्रों के एक अन्य समूह ने किया था।
शोध-छात्र सूरज का दाहिना आंख हमले में गंभीर रूप से चोटिल हुई है। सूरज का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
dharmpath.com dharmpath