उप्र : मिट्टी का टीला ढहने से 4 महिलाओं की मौत

हादसा खागा कोतवाली क्षेत्र के अकिलपुर ऐराना गांव में हुआ। यहां मिट्टी का टीला ढहने से चार महिलाओं की मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल एक महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। ये सभी महिलाएं घर की पुताई के लिए शुक्रवार सुबह टीले से मिट्टी खोदने के लिए गईं थी। घटना की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी।

अकिलपुर ऐराना गांव निवासी भिखारी देवी (46), सोमवती (36), ऊषा देवी (30), संगीता देवी (30) और सियाकली (48) समेत कई महिलाएं शुक्रवार सुबह सात बजे गांव से थोड़ी दूरी पर स्थित पुलिया के पास पीली मिट्टी की खुदाई कर रही थीं।

बताते हैं कि गुफा नुमा गड्डे में खुदाई करते समय अचानक टीला भरभरा कर ढह गया। मिट्टी खुदाई कर रहीं पांचों महिलाएं मिट्टी के मलबे में दब गईं। उनके साथ गईं महिलाओं का शोर सुन मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने मलबा हटा कर महिलाओं को निकालने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद पांचों महिलाओं को बाहर निकाला जा सका, लेकिन तब तक उनमें से चार की मौत हो चुकी थी। गंभीर अवस्था में घायल सियाकली को सीएचसी हरदों पहुंचा गया, जहां से उसे जिला अस्पताल स्थानांतरित कर दिया गया।

मामले की सूचना मिलने पर एसडीएम खागा अवनीश राय, सीओ खागा प्रदीप कुमार समेत कई अधिकारी और खागा विधायक कृष्णा पासवान मौके पर पहुंचे। एसडीएम व विधायक ने महिलाओं के परिजनों को सरकार से आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493