भोपाल, 2 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में फसल के उचित दाम और कर्ज माफी की मांग को लेकर दो दिन से आंदोलन कर रहे किसानों पर सरकार और भाजपा संगठन के नेताओं द्वारा की गई बयानबाजी पर विपक्षी कांग्रेस ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर राज्य के किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा, “राज्य का किसान परेशान है और अपने हक के लिए सड़कों पर उतरा है, लेकिन उस पर दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है और सरकार के मंत्री और पार्टी के अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान इसे मुट्ठी भर लोगों का आंदोलन करार दे रहे हैं। सरकार का यह रवैया हैरान करने वाला है।”
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा, “जो अपने पांच एकड़ जमीन पर होने वाली खेती का हेलीकॉप्टर से निरीक्षण करने जाते हों, वह इस प्रदेश के किसानों का दर्द क्या समझेगा? मुख्यमंत्री के लिए किसान सिर्फ वोट बैंक है। वह पांच साल में एक बार उनके वोट लेकर उन्हें सब्जबाग दिखाकर उनका शोषण करते हैं।”
सिंह ने कहा, “राज्य में कृषि महोत्सव, ग्राम उदय अभियान पर सरकार इतना खर्च कर रही है तो किसानों की मांग स्वीकारने में उसके सामने क्या अड़चनें हैं? सरकार दिखावे के लिए तो करोड़ों रुपये खर्च कर सकती है, मगर किसानों को उनकी फसल का उचित दाम दिलाने में क्यों खर्च नहीं करती।”
dharmpath.com dharmpath