मैनपुरी के करहल निवासी भूपसिंह के पिता रामचरन की दो माह पूर्व मौत हो गई थी। सोमवार को वह अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ उनकी अस्थियों का विसर्जन करने पांचाल घाट गए थे। उनका कहना है कि वापसी के वक्त शहर कोतवाली क्षेत्र के इटावा बरेली हाईवे पर कलान नगला के निकट पीछे से इनोवा और टाटा सूमो पर सवार आधा दर्जन लोगों ने बस को ओवरटेक कर रोक लिया और पीछे कार खड़ी कर दी।
उन्होंने कहा कि इसके बाद बदमाशों ने बस चालक कमलेश यादव से मारपीट की और बस के अंदर जाकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। इससे सुरेंद्र, अवनीश सहित कई लोग जख्मी हो गए। बदमाशों ने फिर बस में बैठी सूरजमुखी, चन्द्रमुखी, रामदेवी, श्रीदेवी से उनके जेवर छीन लिए।
घटना की सूचना मिलने पर सीओ आलोक सिंह, कोतवाल डी.के. सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
बस मालिक भूप सिंह ने पुलिस को बताया कि उसने बस फाइनेंस पर ली थी जिसकी अभी लगभग पांच किश्तें बकाया हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजा नगला निवासी टाइगर यादव के गुर्गों ने फाइनेंस वसूली की आड़ में घटना को अंजाम दिया। आरोपी अपने साथ बस चालक को मैनपुरी ले गए। मामले की जांच की जा रही है। आरोपी टाइगर को थाने बुलाया गया है।
dharmpath.com dharmpath