कोलकाता, 6 जून (आईएएनएस)। कोलकाता के एक मेट्रो स्टेशन में मंगलवार को एक स्वचालित सीढ़ी में गड़बड़ी होने के कारण पांच लोग घायल हो गए। मेट्रो की ओर से आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
यह घटना दक्षिणी कोलकाता के नए गेरिया क्षेत्र में कबी सुभाष मेट्रो स्टेशन पर सुबह 10.45 बजे घटित हुई, जब एक स्वचालित सीढ़ी ऊपर की ओर चलने के बजाए नीचे की ओर चलने लगी।
एक यात्री ने कहा, “हम स्वचालित सीढ़ी पर थे, जब यह घटना घटित हुई। कुछ लोगों ने अपना संतुलन खो दिया और एक-दूसरे के ऊपर गिर गए। मुझे मामूली चोट आई है और मेट्रो स्टाफ की तरफ से सहायता मिलने के बाद स्टेशन से बाहर आया।”
कोलकाता के मेट्रो अधिकारियों ने इस घटना के लिए माफी मांगी और कहा कि इस मामले की सही तरह से जांच की जाएगी।
कोलकाता मेट्रो रेलवे की सीपीआरओ इंद्राणी बनर्जी ने कहा, “यह एक अप्रत्याशित घटना है। इसे घटित नहीं होना चाहिए था। हम मामले को गंभीरता से ले रहे हैं और कोशिश करेंगे कि यह दोबारा न घटे।”
उन्होंने कहा, “जिस कंपनी ने मेट्रो स्टेशन पर इस स्वाचालित सीढ़ियों को लगाया था, उन्हें इनकी रखरखाव की भी जिम्मेदारी दी गई है। इस स्वचालित सीढ़ी के ठीकठाक होने की जांच आखिरी बार 14 मई को हुई थी। हम जांच करेंगे कि इसके बावजूद क्यों स्वाचालित सीढ़ी में गड़बड़ी हुई।”
dharmpath.com dharmpath