मूलरूप से महराजगंज का रहने वाला नसीर नोएडा के हरौला गांव में किराए के मकान में रहता है। उसने डेढ़ वर्ष पूर्व महाराजगंज के कोठीवाला थाना क्षेत्र में रहने वाली इंदू शर्मा से घर से भागकर प्रेम विवाह किया था।
महाराजगंज के थाना कोठीवाल में नसीर के खिलाफ इंदू को भगाने का मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। इंदू और नसीर ने कोर्ट मैरिज करने के बाद कागजात महाराजगंज पुलिस को भेजे थे। इसके बाद यह मामला खत्म हुआ था।
सोमवार के दिन इंदू और नसीर में अपने पैतृक गांव महाराजगंज जाने को लेकर झगड़ा हुआ था। झगड़े की शिकायत लेकर इंदू हरौला चौकी गई थी। वहां पर दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया था। चौकी पर नसीर ने वादा किया था कि सात तारीख को वेतन मिलने के बाद वह इंदू को उसके गांव ले जाएगा। लेकिन, बुधवार रात करीब डेढ़ बजे इंदू ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि बीती रात को इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ, जिसके बाद इंदू ने फांसी लगा ली। पुलिस ने नसीर को हिरासत में ले लिया है।
dharmpath.com dharmpath