कोलकाता, 10 जून (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के उत्तरी बंगाल क्षेत्र में चाय उद्योग से जुड़े श्रमिक संगठनों ने एक साझा मंच पर आकर न्यूनतम वेतन लागू करने सहित अन्य मांगों को लेकर सोमवार से दो दिन की हड़ताल करने जा रहे हैं।
24 मजदूर संघों के इस मंच ने 13 जून से पश्चिम बंगाल के चाय बागानों के क्षेत्रों जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग, कलिंपोंग, अलीपुरद्वार, इस्लामपुर और मेखलीगंज में 12 घंटे की आम हड़ताल का भी आह्वान किया।
हालांकि, राज्य में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस समर्थित एक मजदूर संघ इस हड़ताल के खिलाफ है।
सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीआईटीयू) के राज्य महासचिव आनंदी साहू ने पत्रकारों से कहा, “9 जून को मजदूर संघों, चाय बागान मालिकों, राज्य के श्रम मंत्री और श्रम आयुक्त के बीच एक त्रिपक्षीय बैठक बेनतीजा रहने के बाद, हमने हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है।”
कांग्रेस पार्टी समर्थित इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस(इंटक) के राज्य अध्यक्ष रामेन पांडेय ने कहा, “मजदूर यूनियन न्यूनतम वेतन लागू करने, चाय मजदूरों के हक को लागू करने और चाय मजदूरों के आवासीय उद्देश्यों के लिए उन्हें जमीन का वितरण करने की मांग कर रहे हैं।”
dharmpath.com dharmpath