तिरुवनंतपुरम, 14 जून (आईएएनएस)। केरल मंत्रिमंडल ने बुधवार को मलयालम फिल्म उद्योग से जुड़ी महिलाओं के विभिन्न मुद्दों और जरूरतों के अध्ययन और उनका समाधान सुझाने के लिए एक तीन सदस्यीय समिति का गठन किया।
सिनेमा और संस्कृति राज्य मंत्री ए. के. बालन ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री पिनारई विजयन ने पिछले महीने फिल्म उद्योग से जुड़ी महिलाओं के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की थी और उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया था, जिसके बाद यह फैसला लिया गया है।
समिति का नेतृत्व सेवानिवृत्त न्यायाधीश के. हेमा करेंगी।
बालन ने कहा, “समिति में सेवानिवृत्त न्यायाधीश के अलावा बीते जमाने की दिग्गज अभिनेत्री शारदा और पूर्व अधिकारी के. बी. वलसलाकुमारी भी शामिल हैं। वे फिल्म उद्योग में शामिल महिलाओं के मुद्दों को जानने के लिए पहले उनसे बातचीत करेंगी और उसके बाद उनकी समस्याओं का समाधान सुझाएंगी। इसके लिए हालांकि कोई समय सीमा तय नहीं की गई है, लेकिन वे बिना देर किए अपनी रिपोर्ट सौंप देंगी ताकि हम उचित कार्रवाई कर पाएं।”
पिछले महीने फिल्म उद्योग से जुड़ी कुछ महिलाओं ने साथ मिलकर एक संगठन ‘वूमेन्स कलेक्टिव इन सिनेमा’ का गठन किया था, जो कि महिलाओं का पहला ऐसा संगठन है। इसमें मलयालम फिल्म उद्योग की जानी मानी अभिनेत्रियां, टेक्नीशियन और अन्य महिला कर्मचारी शामिल हैं।
dharmpath.com dharmpath