शाह ने पाकिस्तान संग द्विपक्षीय श्रृंखला की संभावना खारिज की

मुंबई, 17 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने अपनी पार्टी के रूख पर कायम रहते हुए पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान के साथ क्रिकेट के मैदान पर द्विपक्षीय श्रृंखला की संभावना शनिवार को सिरे से खारिज कर दी।

शाह ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट्स में दोनों देशों का खेलना ठीक है, लेकिन एक-दूसरे की जमीन पर क्रिकेट नहीं हो सकता।

शाह से जब लंदन में आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी के रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले फाइनल मैच को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, “क्या आप यह कहना चाहते हैं कि भारत को चैम्पियंस ट्रॉफी नहीं खेलनी चाहिए? मुद्दा साफ है। हम वहां (पाकिस्तान) खेलने नहीं जाएंगे और न ही वह यहां खेलने आएंगे।”

शाह गुजरात क्रिकेट संघ (जीसीए) के अध्यक्ष भी हैं। केंद्रीय खेल मंत्री विजय गोयल ने भी कुछ दिन पहले दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय श्रृंखला की बात को नकार दिया था।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने 30 मई को दुबई में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय श्रृंखला को लेकर बैठक की थी, लेकिन इस बैठक का कोई नतीजा नहीं निकला था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493