भोपाल, 19 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई अन्य हिस्सों में सोमवार को तेज धूप निकली हुई है, जो चुभन पैदा कर रही है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घटों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।
राज्य में सोमवार की सुबह से मौसम के तेवर तल्ख बने हुए हैं, तेज धूप निकली हुई है और उमस परेशान करने वाली है। वहीं बीच बीच में चल रही हवा के झोंकों से राहत मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में हवाओं के रुख में धीरे-धीरे बदलाव आ रहा है। वहीं अरब सागर की ओर से नमी आ रही है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि होशंगाबाद संभाग और मुरैना, भिंड, ग्वालियर, दतिया, टीकमगढ़, छत्तरपुर, बालाघाट आदि स्थानों पर आगामी 24 घंटों में बौछारें पड़ सकती है, मगर मानसून के राज्य में दस्तक देने में कुछ देर हो सकती है।
राज्य में दिन और रात के तापमान में उछाल दर्ज किया गया है। सोमवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री, इंदौर का 25 डिग्री, ग्वालियर का 25.6 डिग्री और जबलपुर का 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इससे पहले रविवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री, इंदौर का 35.3 डिग्री, ग्वालियर का 41 डिग्री और जबलपुर का 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath