मुंबई, 22 जून (आईएएनएस)। गायक गुरनजर चट्ठा ने कहा कि वह बॉलीवुड में संगीतकार अमाल मलिक और संगीतकार जोड़ी विशाल-शेखर के साथ काम करना चाहते हैं।
गुरनजर ने कहा, “मैं सभी के लिए तैयार हूं। इस समय कोई विशेष पसंद नहीं है, लेकिन मेरे पसंदीदा म्यूजिक प्रोड्यूसर डीजे जीके ने ‘इजहार’ (गुरनजर के नए सिंगल) के लिए संगीत का निर्माण किया है। बॉलीवुड में विशाल-शेखर और अमाल मलिक के साथ मैं काम करना चाहूंगा।”
गायक ने बताया कि वह शर्मीले व्यक्ति हैं और अपने संगीत के माध्यम से खुद को व्यक्त करना पसंद करते हैं।
उन्होंने कहा, “एक समय था जब खुद की भावनाओं को शब्दों में पिरोना मुश्किल था। मैं शर्मिला व्यक्ति हूं और मुझे हमेशा खुद को अभिव्यक्त करने में मुश्किल हुई है। ‘इजहार’ के माध्यम से आप अपनी भावनाओं को चित्रित कर सकते हैं और मैं हमेशा से गीत बनाना चाहता था, जो भावनाओं की अभिव्यक्ति पर केंद्रित हो।”
dharmpath.com dharmpath