नई दिल्ली, 5 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कांग्रेस ने बुधवार को उन्हें ‘कमजोर प्रधानमंत्री’ करार देते हुए कहा कि वह अमेरिका यात्रा के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने भारतीय हितों और भारत की चिंताओं को ‘पूरी तरह’ व्यक्त करने में असफल रहे।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया है, “भारत को एक कमजोर प्रधानमंत्री मिला है।”
राहुल ने अपने ट्वीट के साथ उनके हालिया अमेरिका दौरे से संबंधित दो खबरें भी अटैच की हैं।
इनमें से एक खबर में कहा गया है कि मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ वार्ता के दौरान एच1बी वीजा का मामला नहीं उठाया।
वहीं दूसरी खबर अमेरिकी विदेश मंत्रालय द्वारा कश्मीर को ‘भारत प्रशासित कश्मीर’ कहे जाने को भारत द्वारा स्वीकार किए जाने से संबंधित है।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन के नेता सैयद सलाहुद्दीन को वैश्विक आतंकवादी घोषित किए जाने वाले आदेश में कश्मीर को ‘भारत प्रशासित कश्मीर’ कहा था।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने कहा है कि मोदी का अमेरिका दौरा ‘सिर्फ लेन-देन वाला था’ और इस यात्रा के दौरान वह ‘भारतीय हितों और भारत की चिंताओं को रखने में असफल रहे’।
आनंद शर्मा ने कहा, “हमने अमेरिका रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री को आगाह किया था कि उन्हें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने एच1-बी वीजा मुद्दे पर विश्वसनीय और ठोस आश्वासन लेना चाहिए और और भारतीय पेशेवरों के अबाधित आवागमन को सुनिश्चित करना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि यह मोदी का दायित्व था कि वह ट्रंप को ‘स्पष्ट शब्दों में’ यह अवगत कराएं कि भारत के बेहतरीन पेशेवरों के अमेरिका आवागमन की आव्रजन से तुलना की जा सकती है, लेकिन प्रधानमंत्री ऐसा करने में असफल रहे।
मोदी का उपहास उड़ाते हुए शर्मा ने कहा कि कूटनीति के लिए गंभीरता की जरूरत होती है और यह सिर्फ ‘तस्वीर खिंचवाने का मौका’ नहीं होती।
dharmpath.com dharmpath