मुखबिर की सूचना पर सुबह लगभग 6 बजे थाना बैनूर से जिला पुलिस बल की टीम मौके पर रवाना हुई थी। ग्राम बागझर में घेराबंदी कर टीम ने दोनों नक्सलियों को पकड़ा।
नारायणपुर के पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि ग्राम बागझर में संदिग्ध व्यक्तियों की उपस्थिति की सूचना मिली थी। पुख्ता जानकारी के आधार पर थाना बेनूर से थाना प्रभारी सुरेंद्र यादव के नेतृत्व में जिला पुलिस बल की पार्टी ग्राम बागझर में घेराबंदी की। इस दौरान छिनारी जनताना सरकार का सदस्य सोमारू गावड़े उर्फ सोमा पिता दासू गावडे (35) और छिनारी सीएनएम सदस्य सोनारू गावडे उर्फ वड्डे (26) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ करने पर छेरीबेड़ा के पास वर्ष 2016 में सड़क पर बम लगाने की घटना में शामिल होने की जानकारी मिली। इनकी निशानदेही पर आरोपी सोनारू गावड़े के घर के पास से एक 315 बोर का देशी कट्टा एवं कारतूस 2 नग बरामद किया गया।
दोनों नक्सलियों ने जब अपराध स्वीकार कर लिया, तब थाना बेनूर में दर्ज अपराध के आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
एसपी ने बताया कि दोनों नक्सली बैठक के लिए गांव वालों को एकत्र करने, नक्सलियों के लिए भोजन की व्यवस्था करते थे और उन्हें पुलिस गश्त की सूचना देते थे।
उन्होंने बताया कि नक्सली सोमारू गावड़े नक्सली कमांडर सैता के मार्गनिर्देशन में छिनारी मिलिशिया के रूप में संगठन में शामिल होकर 2 वर्ष मिलिशिया सदस्य के रूप में सक्रिय रहा। छिनारी जनताना सरकार अंतर्गत ‘न्याय शाखा’ सदस्य के रूप में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा था। इसी तरह सोनारू गावडे को नेगी रावत ने छिनारी जनताना सरकार में ‘सीएनएम सदस्य’ के रूप में शामिल किया था। नक्सली संगठन में सीएनएम पार्टी के साथ नाच-गाना कर विचारधारा का प्रचार-प्रसार करता था।
dharmpath.com dharmpath