भोपाल, 6 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मध्यप्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने कहा कि जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने ‘प्रखर राष्ट्रवाद’ का जो स्वप्न देखा था, उसे केंद्र की मोदी सरकार पूरा करने के लिए तत्पर है। साथ ही यह सरकार डॉ. मुखर्जी के सपनों को साकार कर भारत को ‘विश्व गुरु’ बनाने का सफल प्रयास कर रही है।
भाजपा के प्रदेश कार्यालय में यहां गुरुवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा डॉ. मुखर्जी की जयंती पर आयोजित रक्तदान शिविर में चौहान ने कहा कि डॉ. मुखर्जी के ‘प्रखर राष्ट्रवाद’ को कार्यकर्ता जीवन में मूलमंत्र समझकर अपने कार्यो का निर्वहन करें एवं राष्ट्र को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें।
चौहान ने आगे कहा, “देश की एकता और अखंडता के लिए सबसे पहले बलिदान डॉ. मुखर्जी ने दिया। उनकी जयंती के अवसर पर भाजपा का हर एक कार्यकर्ता संकल्पित है और हम अपने देश की एकता और अखंडता के लिए सर्वस्व न्यौछावर करेंगे।”
इससे पहले, चौहान एवं प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत सहित कई पदाधिकारियों ने डॉ. मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
भाजपा की विज्ञप्ति के अनुसार, डॉ. मुखर्जी की जयंती पर प्रदेश के 833 मंडलों में कार्यक्रम एवं विचार गोष्ठी संपन्न हुई। प्रदेश में विधानसभा केंद्रों पर किसान संदेश यात्रा का क्षेत्रीय विधायक के नेतृत्व में समापन हुआ। युवा मोर्चा द्वारा रक्तदान शिविर, महिला मोर्चा एवं पिछड़ा वर्ग मोर्चा द्वारा अस्पतालों में फल वितरित किए गए। पार्टी कार्यकर्ताओं ने सेवा प्रकल्पों में भी भाग लिया।
dharmpath.com dharmpath